बरेली।निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए गुरुवार को बरेली मंडल के चारों जिले बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत मे मतदान हुआ। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले गए। बरेली मंडल मे निकाय चुनाव कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा से जुड़ा है। मतदान को लेकर चारों जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। जनपद बरेली में 50.48 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डालें। सबसे कम वोट नगर निगम बरेली मे पड़े। नगर निगम बरेली मे 40.99 प्रतिशत वोट ही पड़े। बरेली नगर निगम में कुल 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। बीते चुनाव की तुलना इस बार काफी कुछ बदला है। तीन उम्मीदवार फिर से मैदान में हैं। कांग्रेस ने नए चेहरे पर दांव लगाया है। मेयर पद के 13 और पार्षद पद के 520 उम्मीदवारों की किस्मत पर मतदाताओं ने मुहर लगाई। अब 13 मई को नतीजे आएंगे।पोलिंग सेंटरों के आसपास अनाधिकृत रूप से घूमने वाले 164 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सभी के विरुद्ध पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है। नगर क्षेत्र मे 87 व ग्रामीण क्षेत्र से 77 लोगों को पुलिस ने उठा लिया। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि निष्पक्ष चुनाव के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। भाजपा प्रत्याशी उमेश गौतम और सपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर के बीच सीधी टक्कर है। उमेश गौतम निवर्तमान मेयर भी हैं। वहीं डॉ. तोमर दो बार मेयर रह चुके हैं। बसपा से युसूफ जरीवाला दलित-मुस्लिम समीकरण से चमत्कार की उम्मीद लगाए बैठे हैं तो कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. केबी त्रिपाठी अपनी बिरादरी के साथ पार्टी के काडर वोटों के सहारे अपना दावा मजबूत कर रहे हैं।।
बरेली से कपिल यादव
