बरेली मे रही प्रदेश की सबसे ठंडी रात व दिन

बरेली। बरेली मे सर्दी लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को प्रदेश में दिन और रात दोनों सबसे अधिक ठंडे बरेली में ही रहे। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत नही मिलने के आसार जताए है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान भी सामान्य से 3.4 डिग्री कम 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह भी प्रदेश में सबसे कम रहा। हवा चलने की वजह से दिन में धूप खिलने के बावजूद लोगों को ठंडक का अहसास हुआ। सुबह के समय हल्का कोहरा भी छाया रहा। मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार के अनुसार सुबह आर्द्रता 95 प्रतिशत और शाम को 82 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे ठंड का प्रभाव और बढ़ गया। अगले सात दिनों तक बरेली में सुबह के समय लगातार कोहरा या धुंध छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 से 24 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *