बरेली। पुलिस ने मतगणना के लिए कमर कस ली है। मतगणना के दौरान कोई प्रत्याशी किसी तहर का हंगामा या बवाल न कर सके इसलिए मौके पर 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटियां भी लगा दी गई है। इसके अलावा अर्धसैनिक बल के जवानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी रहेगी। एडीजी जोन राजकुमार ने सभी पुलिस अधीक्षकों के साथ मतगणना के अलावा त्योहार पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए दिशा-निर्देश दिए है। शहर के परसाखेड़ा परिसर मे 10 मार्च को चुनाव की मतगणना होगी। परिणाम आने के बाद विजयी जुलूस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जो सबसे ज्यादा संवेदनशील क्षेत्र है वहां परिणाम आते ही संबंधित थाने की पुलिस की ड्यूटी लगा दी जाएगी। ताकि किसी तरह विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि 10 मार्च को परसाखेड़ा में होनी वाली मतगणना में सुबह से लेकर मतगणना समाप्त होने तक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा एसएसपी, एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। एसएसपी ने बताया कि मौके पर सीसीटीवी कैमरों को बढ़ा दिया गया है। पुलिस की टीमें कंट्रोल रूम से वहां पर नजर रख रही है।।
बरेली से कपिल यादव
