बरेली। ईधन मे लगी महंगाई की आग थम नही रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को फिर बढ़ोतरी की गई है। दस दिनों में चौथी बार कीमत बढ़ी है। ताजा बढ़ोतरी के बाद बरेली में पेट्रोल 2.61 रुपये बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। डीजल पर 2.72 रुपये बढ़े हैं। डीजल की नई कीमत 95.47 रुपये प्रति लीटर हो गई है। बीते दस दिनों में पेट्रोल पर 7.20 रुपये और डीजल पर 7.55 रुपये बढ़े है। ईधन पर बढ़ी कीमतों का सीधा असर जनता की जेब पर पड़ रहा है। माल भाड़ा बढ़ने से रोजमर्रा की चीजें महंगी हो रही है। इससे घर के बजट पर भी असर पड़ना तय है। शहर में स्कूल वैन चालक भी किराया बढ़ाने की तैयारी में हैं। दूसरी ओर, किसानों के मुताबिक धान की नर्सरी और रोपाई का समय शुरू होने वाला है। गांवों में बिजली आपूर्ति कम हो रही है। ऐसे में डीजल महंगा होने से खेती और महंगी हो जाएगी। ट्यूबवेल संचालन और कषि यंत्रों का किराया भी बढ़ेगा। खानपान की चीजें और सब्जियां भी महंगी हो जाएंगी।।
बरेली से कपिल यादव
