बरेली। जनपद मे सप्ताहभर बाद अब फिर मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञ ने दो दिन तक तेज धूप और उमस की संभावना जताई है। इसके बाद अनुकूल माहौल बनने पर बारिश का अनुमान जताया है। सोमवार को दिनभर धूप रही और उमस ने लोगों को पसीने से तरबतर किया। रात मे भी लोग गर्मी से बेहाल रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियम तक पहुंच गया। इसके बाद 12 जून से बारिश होने से लोगों को राहत मिलेगी। सोमवार को दिन की शुरुआत साफ मौसम से हुई। सुबह से ही सूरज की तपिश ने लोगों को पसीने में तर-बतर करना शुरू कर दिया। दोपहर मे तापमान और बढ़ गया। हवाओं में भी गर्माहट होने से लोग धूप से बचने का साधन ढूंढते नजर आए। मोटरसाइकिल और साइकिल सवारों की त्वचा भी झुलसने लगी। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 40.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी सुबह 57 प्रतिशत और शाम को 46 प्रतिशत दर्ज की गई। जबकि हवाओं की रफ्तार 6-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दर्ज हुई। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अभी मंगलवार और बुधवार को औसतन अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने का पूर्वानुमान है। गुरुवार से मौसम में परिवर्तन हो सकता है। गुरुवार और शुक्रवार को हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए जा रहे हैं।।
बरेली से कपिल यादव