बरेली। जिले मे मंगलवार को दिन मे धूप ने लोगों को बेहाल किया, मगर शाम को बारिश ने राहत दी। मौसम वैज्ञानिकों ने दो दिन और बारिश के आसार जताए हैं। शुक्रवार से अगले सप्ताह तक मौसम साफ होने से पारे में बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। मंगलवार को दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई। लोगों को गर्मी और उमस का अहसास हुआ। शाम होते होते करीब चार बजे बादल छाए रहने के साथ झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। शाम पांच बजे मौसम सुहाना हो गया। हालांकि बादल देर शाम तक छाए रहे। आईएमडी की आधिकारिक बेवसाइट के अनुसार जिले में अधिकतम 35.1 और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सुबह 66 और शाम को 95 प्रतिशत हवा मे नमी दर्ज की गई। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अरब सागर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पश्चिमी यूपी में बारिश के आसार बने हुए हैं। बरेली में करीब दो दिन और बारिश के आसार है। बुधवार और गुरुवार को भी बारिश के आसार हैं। वहीं, शुक्रवार से सोमवार तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। तेज बारिश से जन-जीवन भी बेहाल रहा। अचानक हुई तेज बारिश के बाद लोग सुरक्षित स्थान ढूढ़ते रहे।।
बरेली से कपिल यादव