बदमाशो ने सर्राफ से आठ लाख के जेवर व नकदी लूटी, विरोध पर पीटा, हवाई फायरिंग कर भागे

शेरगढ़, बरेली। जनपद के शेरगढ़ क्षेत्र में सोमवार शाम अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे सराफा व्यापारी को शाही-शेरगढ़ मार्ग पर छह नकाबपोश बदमाशों ने लूट लिया। दो बाइक पर सवार इन बदमाशों ने सराफ से 27 हजार रुपये और करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवर लूट लिए। विरोध पर बदमाशों ने सराफ की तमंचे की बट से पिटाई कर दी। बचाने आए ग्रामीण की भी पिटाई कर दी और हवाई फायरिंग करते भाग गए। कस्बा शाही के मोहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी सुभाष रस्तोगी की सराफा दुकान शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नगरिया सोबरनी स्थित चौधरी मार्केट में है। दुकान बंद कर शाम साढ़े चार बजे करीब सुभाष बाइक से घर जा रहे थे। वह शाही-शेरगढ़ मार्ग पर कुडका भट्ठा के नजदीक पहुंचे थे। तभी पीछे से दो बाइक पर सवार छह नकाबपोश बदमाशों ने सराफ को धक्का देकर बाइक से गिरा दिया। वह सर्राफ को तमंचों की बट से पीटने लगे। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उनसे बैग छीन लिया। बताते हैं कि घटना के दौरान गांव कुडका निवासी शेर सिंह यहां आ गए। उन्होंने सराफ को बचाने की कोशिश की लेकिन बदमाशों ने शेर सिंह पर भी हमला कर दिया। आसपास के ग्रामीण जुटने लगे तो बदमाश दो हवाई फायर कर अपनी दोनों बाइक से भाग गए। सर्राफ ने बताया कि उनके बैग मे 27 हजार रुपये, साढ़े चार किलो चांदी व तीन तोला सोना था। इस जेवर की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है। घटनास्थल पर पड़ी सराफ की बाइक के पास कारतूस भी पड़ा मिला। घटना के बाद शेरगढ़ व शाही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा व सीओ बहेड़ी अरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। सराफ ने शेरगढ़ थाने में छह अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि सराफ सुभाष रस्तोगी से लूट की सूचना पर पुलिस कॉम्बिंग कर रही है। तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखी जा रही है। घटना सही होगी तो उसका जल्दी ही खुलासा किया जाएगा। शेरगढ़ में सराफ सुभाष रस्तोगी के साथ हुई लूट की घटना के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने तीन टीमों का गठन किया है। एक टीम सीओ बहेड़ी, दूसरी थाना प्रभारी शेरगढ़ व तीसरी टीम में दो एसओजी व सर्विलांस विंग को रखा गया है। एसएसपी ने जल्दी खुलासा करने का निर्देश दिया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *