बड़ा बाईपास पर सड़क हादसे मे पनवड़िया के दो लोगों की मौत, महिला घायल

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। बड़ा बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि साथ में बैठी एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पंचायतनामे की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। जनपद के थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव पनवड़िया निवासी देवदत्त गंगवार, दुर्गा प्रसाद, शिशुपाल और कान्ता प्रसाद हत्या के मामले मे बिथरी स्थित केंद्रीय कारागार दो में बंद है। गुरुवार को देवदत्त का बेटा 20 वर्षीय करन गंगवार, अपनी ममेरी बुआ जमुनिया निवासी 48 वर्षीय धर्मवती गंगवार और गांव के ही 50 वर्षीय छेदालाल के साथ जेल गया था। छेदालाल रुद्रपुर मे प्राइवेट नौकरी करते है और कुछ दिन पहले ही घर आ गए थे। देवदत्त से मुलाकात के बाद वे लोग बाइक से घर लौट रहे थे। अपराह्न करीब चार बजे भोजीपुरा क्षेत्र मे बड़ा बाईपास पर बिलवा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक मे टक्कर मार दी। इस हादसे में छेदालाल और करन गंगवार की मौके पर ही मौत हो गई। करन की बुआ धर्मवती गंगवार गंभीर रूप से घायल हो गई। पीआरवी की सूचना पर भोजीपुरा थाना प्रभारी जगत सिंह फोर्स को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। घायल महिला को एंबुलेंस से उपचार हेतु शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। छेदालाल और करन को भी पुलिस एंबुलेंस से मेडिकल कालेज लेकर पहुंची। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर जगत सिंह ने बताया कि धर्मवती को होश आ गया है। उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। टक्कर मारने वाले वाहन की पुलिस जानकारी कर रही है। करन पांच भाई बहनों में दूसरे नंबर पर था। टक्कर मारने वाले वाहन की पुलिस तलाश कर रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *