बरेली। रविवार को फ्लावर शो के अंतिम दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रामायण वाटिका में लगाए गए दुर्लभ विदेशी फूलों के साथ-साथ भारतीय पुष्पों की खुशबू ने पूरे वातावरण को यादगार बना दिया। यादों की खुशबू के साथ फ्लावर शो का समापन हुआ। इस पल को हर किसी नले अपनी कैमरे में यादगार के रूप में कैद कर लिया। पीलीभीत बाईपास डोहरा रोड स्थित बीडीए के नये कार्यालय के पास रामायण वाटिका में लगी तीन दिवसीय फ्लावर शो का रविवार को समापन हो गया। इससे पहले सुबह से ही फ्लावर शो में लोगों के आने का सिलसिला शुरू गया गया था, जो देर शाम तक चला। रविवार की छुट्टी एन्जॉय करने के लिए शहर ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों से लोग फ्लावर शो में पहुंचे। फूलों के साथ फोटो खिंचवाई और सेल्फी भी ली। इस लम्हे को यादगार बनाया। फूलों से बने शिवलिंग, राम मंदिर और रामसेतु जैसी आकृतियों ने लोगों को प्रभु श्रीराम के गौरवशाली इतिहास की याद दिला दी। बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने बताया कि तीन दिवसीय फ्लावर शो के आखिरी दिन काफी संख्या में लोग पहुंचे। लोगों ने भव्य फ्लावर शो में फूलों की खुशबू के साथ धार्मिक सांस्कृतिक महत्व को समझा। इस शो ने पर्यावरण सरंक्षण का संदेश भी दिया। सचिव योगेंद्र कुमार ने बताया कि पहली बार इस तरह का फ्लावर शो हुआ जिसको देखने के लिए दूर दराज से लोग पहुंचे। रामायण वाटिका में आकर लोगों ने आनंद लिया।।
बरेली से कपिल यादव