बरेली। फेसबुक पर दोस्ती कर युवती ने ठिरिया के युवक को अपने जाल मे फंसाया और क्रिप्टो करेंसी मे निवेश के जरिये अच्छा मुनाफा कराने का झांसा देकर लाखों रुपये का चूना लगा दिया। इस मामले में थाना कैंट में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कैंट के वार्ड नंबर 14 ठिरिया निजावत खां निवासी मोईन खान ने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर रिशू नाम की युवती उनके संपर्क में आई। बातचीत के दौरान युवती ने क्रिप्टो करेंसी मेनिवेश के जरिये अच्छा मुनाफा कराने का झांसा दिया और अपने साथी बलवीर सिंह के जरिए ट्रेडिंग शुरू कराई। व्हाट्सएप पर दोनों से उनकी बातचीत होती थी। मोईन का आरोप है कि इस दौरान उनसे ऑनलाइन फार्म भरवाकर डिजिटल हस्ताक्षर भी लिए गए। शुरुआत मे आरोपियों ने पांच ट्रेडिंग कराकर 30 प्रतिशत कमीशन के नाम पर उनसे पांच लाख रुपये ले लिए। इसके बाद जब छठवीं बार ट्रेडिंग हुई तो उनसे कमीशन के रूप मे तीन लाख रुपये मांगे गए। उन पर तीन लाख रुपये नही थे तो पूरी रकम रोक ली और तीन लाख देने पर ही भुगतान को कहा। एक महीने तक आरोपी उनसे टालमटोल करते रहे। उनका आरोप है कि इस ठगी मे रिशू के चाचा गुरमीत और नोएडा निवासी मनीषा गौड़ भी शामिल है। रकम न मिलने पर उन्होंने एसएसपी से शिकायत कर इस मामले मे थाना कैंट मे मुकदमा दर्ज कराया है।।
बरेली से कपिल यादव
