फरीदपुर, बरेली। फास्टैग स्केनिंग सिस्टम ठप होने से फरीदपुर टोल प्लाजा रविवार को करीब आधा घंटा तक बंद रहा। इस दौरान टोल प्लाजा पर दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह का काफिला भी 20 मिनट तक जाम में फंसा रहा। मंत्री के फोन करने पर फरीदपुर इंस्पेक्टर ने उनका काफिला निकलवाया। इसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप पर टोल कर्मियों ने मोबाइल से फास्टैग स्कैन कर वाहनों को निकालना शुरू किया। रविवार को शाम 7:15 बजे फरीदपुर टोल प्लाजा के बूथों से वाहन कतारबद्ध होकर निकल रहे थे। इसी दौरान टोल प्लाजा के ऑपरेशन सिस्टम का नेटवर्क ठप हो गया। वाहनों पर लगे फास्टैग स्कैन होना बंद हो गए। सिस्टम उप होते ही टोल बूथ पर तैनात कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने कंट्रोल रूम को सिस्टम फेल होने की जानकारी दी। इसके बाद इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची और सिस्टम ठीक करने मे जुट गई। इस दौरान पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह काफिले के साथ टोल प्लाजा पर पहुंचे। 20 मिनट जाम मे फंसे रहने के बाद मंत्री ने इंस्पेक्टर राधेश्याम को फोन किया। इस पर इंस्पेक्टर तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने टोल प्लाजा पर लगे जाम को खुलवाने की कोशिश की लेकिन सिस्टम फेल होने की वजह से वाहनों को आगे नही बढ़ाया जा सका। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने मोबाइल से फास्टैग स्कैन करके वाहनों को निकालना शुरू किया। शाम करीब 7:40 बजे ऑपरेशन सिस्टम ठीक होने है पर वाहनों को निकाला जा सका। टोल प्लाजा के ऑपरेशन मैनेजर पवन कुमार ने बताया कि नेटवर्क फेल होने की वजह से कुछ देर दिक्कत हुई थी, लेकिन इंजीनियरों ने जल्द समस्या का समाधान करा दिया।।
बरेली से कपिल यादव
