बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। युवाओं और वयस्कों ने भले ही मतदान करने मे ज्यादा दिलचस्पी न ली हो, लेकिन बुजुर्गों का जोश देखने लायक था। काफी कमजोर और चलने में असमर्थ होने के बावजूद तमाम बुजुर्गों ने जैसे-तैसे पोलिंग बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। कई बुजुर्गों को उनके परिवार के लोग सहारा देकर पोलिंग बूथों तक वोट डलवाने ले गए। नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी में शाम छह बजे तक 24320 में से 28 बूथों में 15703 वोट पड़े। 64.56 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर के बूथ नंबर 25 पर सबसे अधिक देर तक वोटिंग होती रही। गुरुवार को मतदाताओं मे मतदान करने को लेकर गजब का उत्साह था। सुबह सात बजे के पहले ही बूथों पर मतदाताओं की कतार लग गई थी। बुजुर्ग बीमार थे और चलने फिरने मे असमर्थ थे। वह भी बेटे या पौत्र के सहारे पहुंचे लेकिन तेज धूप किसी का कदम नही रोक सकी। ब्लॉक सभागार परिसर के बूथ पर 80 वर्षीय लतीफन ने वोट डाला। मुस्लिम बूथों पर सुबह से ही लोग कतारों मे लग गए। सड़कों पर भी मेले जैसा नजारा दिखने लगा। बूथ बनाने मे भी अफसरों ने कोताही बरती है। एक कमरे मे दो बूथ होने से व्यवस्था बदहाल रही। लोग काफी देर तक लाइन में खड़े होने के बाद वापस भी लौटे। मतदान स्थल दूर बनना भी कम मतदान का कारण रहा। नगर पंचायत कार्यालय मे बने मतदान केंद्र पर दो बजे के बाद अचानक मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। यहां वोटर आरोप लगाते दिखे कि मतदान की गति बेहद धीमी है। इस वजह से भीड़ अधिक एकत्रित हो रही है, लेकिन जो भी कतार में लगे थे सभी ने वोट डाला। लाइन मे लगे युवाओं मे सरकार चुनने के लिए खूब उत्साह दिखा।।
बरेली से कपिल यादव
