बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा की अगुवाई मे शुक्रवार की सुबह नौ बजे बहेड़ी से शुरू होकर शेरगढ़ की सीमा मे प्रवेश करने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उसके बाद शाही, अग्रास, फतेहगंज पश्चिमी मे कार्यकर्ताओं ने यात्रा पर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। मोदी और योगी जिंदाबाद के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। रह रहकर चौतरफा भाजपा जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। यात्रा में शामिल होने के लिए नेताओं ने बड़ी संख्या में समर्थकों और ग्रामीणों को एकत्र किया। गांवों से बसों और अन्य वाहनों से लोगों को लाने का कार्य किया गया। सीमा पर स्थित गांव अग्रास मोड़ पर जिला पंचायत सदस्य तेजेश्वरी सिंह ने यात्रा की अगवानी की। ढोल नगाड़ों से यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा के साथ आए नेताओ का 21 किलो की फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद चांदी का मुकुट भी पहनाया। इसके बाद कस्बे के लोधीनगर चौराहा पर रथ पर सवार नेताओ का भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। रथ पर सवार सांसद संतोष गंगवार व राजस्व राज्यमंत्री छत्रपाल गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को शक्तिशाली व आत्मनिर्भर बनाने के लिए जितना कार्य किया है, उतना आजादी के बाद किसी प्रधानमंत्री ने नहीं किया है। स्वागत करने वालो मे चेयरमैन कृष्णपाल मौर्य, अजय सक्सेना, संजय चौहान, केपी राना, राजीव गुप्ता, डॉ विजय गंगवार, भक्ति सिंह, पूरन लाल लोधी, सुरेश गंगवार, योगेंद्र गंगवार सहित सैकड़ों भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
