बरेली। अयोध्या मे उनके भव्य मंदिर के लोकार्पण और अचल मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर बरेली में चहुंओर उल्लास है। हर कोई इस ऐतिहासिक पल को अविस्मरणीय बना लेना चाह रहा है। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व शहर के स्कूलों और कॉलेजों को भी सजाया जा रहा है। रविवार को छुट्टी के बाद भी मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में साज-सज्जा की गई। छात्रों ने एकत्र होकर जय श्री राम के नारे लगाए। प्रधानाचार्य डॉ मनोज कुमार ने बताया कि सर्दी के बाद भी छात्रों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। सभी शिक्षक प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर रोमांचित हैं। सोमवार को इसका लाइव प्रसारण देखा जाएगा। उधर, बरेली कॉलेज में भी उत्सव की तैयारी हो गई है। बरेली कॉलेज में शिक्षकों ने स्वच्छता अभियान चलाया। कॉलेज में लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई है। तमाम निजी कॉलेजों में भी सजावट हो रही है। वहीं शहर से लेकर देहात तक के मंदिरों व जगह-जगह तोरण द्वार और घरों में श्रीराम के स्वागत के लिए वंदनवार लगाए जा रहे है। रामदूत नगर मे यात्राएं निकाल रहे है तो लोग पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत कर रहे हैं। दीपोत्सव की तैयारी है। हर आम व खास व्यक्ति आह्लादित है। नगर अवधपुरी की तरह ही शोभायमान हो रहा है। वही फेसबुक, एक्स, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर भी रामलला छाए हुए है। लोग एक-दूसरे को बधाइयां दे रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में लोग अपने घर या मोहल्ले में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दे रहे हैं। जो आयोजन हो रहे हैं, उनकी तस्वीर भी साझा कर रहे हैं। नई-नई रामधुन भी गूंज रही है। लोग अपनी सृजनशीलता को भी साझा कर रहे है।।
बरेली से कपिल यादव
