आज़मगढ़ – भले ही राज्य सरकार ने उच्च न्यायालय के आदेश को लेकर सूबे में प्लास्टिक पर बैन लगाने का निर्णय ले कर इसके उल्लंघन पर दण्डात्मक कार्रवाई का निर्देश जनपदों को दे दिया। लेकिन इसका कोई असर ख़ास नहीं दिख रहा है। प्रतिबंधित प्लास्टिक के अभी भी बाज़ार में उपयोग में कोई कमी नहीं आयी है। प्रशासन जब जगा तो कई जगह छापेमारी के दौरान दुकानदारों में हड़कंप मचा। इस दौरान शहर के एक गोदाम से करीब 100 कुंतल प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद कर सीज की कारवाई की गयी। आजमगढ़ डीएम के निर्देश पर सदर के एसडीएम ने शहर के कई स्थानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक पर छापेमारी की। शहर के मेन चौक में सात दुकानों पर भी छापा मारा गया। इसी क्रम में टीम ने चौक स्थित सात जनरल मर्चेंट की दुकानों पर भी छापा मारा जहां से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद कर इन व्यापारियों से भी जुर्माना वसूला गया। वहीं बड़े पैमाने पर शहर के ब्रह्म्मस्थान स्थित मनीष बरनवाल के गोदाम में प्रतिबंधित पॉलिथीन की सूचना के आधार पर एसडीएम सदर व सीओ सिटी सहित पुलिस बल के साथ छापा मारकर 100 कुंतल प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद किया। व्यापारी मनीष कुमार बरनवाल के दो प्रतिष्ठान अभय नारायण एंड संस व मनीष बरनवाल नामक दो व्यावसयिक प्रतिष्ठान हैं। इस छापेमारी की सूचना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम सदर ने बताया कि सरकार की प्रतिबंधित पॉलिथीन योजना के अनुपालन में कार्रवाई की गई। देर रात तक जब्ती की कार्रवाई चली। बरामद माल को एसडीएम ने सीज कर दिया। बरामद माल की कीमत कई लाख बताई जा रही है। एसडीएम ने बताया कि उक्त मॉल को सीज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन बेचने वालों के चिन्हीकरण के लिए नगर पालिका को नोडल बनाया गया है। जहां कही भी प्रतिबंधित पॉलीथिन की बिक्री व गोदाम हैं उन्हें चिन्हित करने की जिम्मेदारी नगर पालिका की सौपी गयी है इसी के आधार पर यह अभियान जारी रहेगा।
रिपोर्ट-:राकेश वर्मा आजमगढ़