भुता, बरेली। थाना क्षेत्र भुता में ट्रैक्टर से कुचलकर पूर्व सैनिक की हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस दूसरे दिन भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पोस्टमार्टम के बाद पूर्व सैनिक का शव जब गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम सा छा गया। गौरव सैनिक एकाकी समन्वय समिति के तमाम पदाधिकारियों की मौजूदगी में पूर्व सैनिक को अंतिम विदाई दी गई। पूर्व सैनिक की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर भुता पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। जानकारी के मुताबिक थाना भुता क्षेत्र के गांव सिंघाई कला के सेवानिवृत्त सैनिक इरशाद कि दबंगों ने शुक्रवार को ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या कर दी थी। उनके परिजनों ने गांव के ही छह लोगो के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। गौरव सैनिक एकाकी समन्वय समिति के उपाध्यक्ष कैप्टन पीसी शर्मा ने बताया कि पुलिस को दो दिन में हत्या के आरोपियों को गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया गया है। अगर हत्या आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पूर्व सैनिक भुता पुलिस की अफसरों से शिकायत करेंगे। भुता इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि हत्या आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
