जैसलमेर/राजस्थान- पश्चिमी राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर में चुनावी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनावों में महलों को छोड़कर जनता की सेवा के लिए चुनावी मैदान में कूदने की घोषणा कर दी है। हालांकि पूर्व महारानी राजेश्वरी राज्य लक्ष्मी ने फिलहाल कौनसी पार्टी से चुनाव लड़ेगी इसके पत्ते नहीं खोले है लेकिन चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। माना जा रहा है कि संभवतया पूर्व महारानी कांग्रेस से अपना भाग्य आजमा सकती है।
आज पूर्व महारानी राज्यलक्ष्मी ने ऐतिहासिक सोनार दुर्ग स्थित लक्ष्मीनाथ मंदिर के दर्शन कर चुनावी जनसंपर्क का आगाज किया। पूर्व महारानी ने लक्ष्मीनाथ मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की। इसके बाद ऐतिहासिक राजमहल में स्थित मां स्वांगीया के दरबार में धोक लगाया तथा विशेष पूजा अर्चना की। उसके बाद पूर्व महारानी राजेश्वरी राज्यलक्ष्मी का सोनार दुर्ग के वांशिदों द्वारा स्वागत समारोह रखा गया।
इस अवसर पर बडी संख्या में महिलाओं ने पूर्व महारानी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वहीं युवराज चैतन्यराज का भी फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व महारानी ने कहा कि राजपरिवार सदियों से जनता की सेवा करता आया है और अब राजनीति के जरिए राज परिवार जनता की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही कौनसी पार्टी से चुनाव लडूंगी इसकी घोषणा करूंगी।