मीरगंज, बरेली देहात। माघ पूर्णिमा पर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने रामगंगा में स्नान कर दान किया। पूर्णिमा पर स्नान करने को श्रद्धालु रात मे तीन बजे ही गोरा लोकनाथपुर घाट पर पहुंचने शुरू हो गए। माघ पूर्णिमा पर क्षेत्र के गोरा लोकनाथपुर मे एवं कपूरपुर घाट, बावा कैलाश गिरी मढ़ी रामगंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने रामगंगा मे आस्था की डुबकी लगाई। रामगंगा में प्रसाद चढ़ाया। श्रद्धालुओं ने स्नान कर खिचड़ी, वस्त्र, तिल, घी एवं कंबल दान किए। असदनगर के गंगा मंदिर के महंत लटूरी महाराज ने बताया माघ पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने से पापों का नाश होता है। इस दिन देवता पृथ्वी पर आकर पवित्र नदियों में स्नान करते है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए तहसील प्रशासन द्वारा घाटों पर पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। जिससे स्नान पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यबस्थित ढंग से संपन्न हो सका। थाने से भी टीम मुस्तैद रही। अलीगंज में प्रभात फेरी निकाली गई: माघ माह की पूर्णिमा पर अलीगंज में रविवार को भव्य प्रभात फेरी निकली गई। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा ठाकुरद्वारा मंदिर से प्रारंभ होकर फकीराबाद मोहल्ला मैन मार्केट अंबेडकर मोहल्ला होते हुए सिरौली रोड स्थित हनुमान मंदिर पहुंची। वहां से पुनः मार्केट होते हुए ग्राम देवता मंदिर पहुंची इस दौरान मनु गुप्ता, राजेश गुप्ता, सुमित पाराशरी, कमल शर्मा, विजय पाराशरी, अंश गुप्ता हिमांशु गुप्ता, हर्ष गुप्ता आदि रहे। शिव मंदिर पर खीर भंडारा: भदपुरा मे रविवार को ढकिया वर्कली साहब गांव स्थित शिव मंदिर मढ़ी पर विशाल खीर भंडारे का आयोजन किया गया। शरद पूर्णिमा के मौके पर खीर का भंडारा किया। भंडारे से पूर्व मंदिर में विधि-विधान से अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। बिशारतगंज में कथा के समापन पर भंडारा: माघ पूर्णिमा पर एक माह के लिए हो रही श्रीमदभागवत कथा के समाप्ति के अंतिम दिन रविवार को रामनगरिया का पूर्ण आहुति के साथ भंडारा किया गया। कमेटी के अध्यक्ष फूल सिंह यादव ने बताया कि रामगंगा के अखा घाट पर रामनगरिया के नाम से प्रसिद्ध यह मासिक श्रीमद भागवत कथा हुई। इस मौके गीता सिंह, रणवीर सिंह फौजी, रामनिवास यादव फौजी रामकिशोर यादव उमेश उपाध्याय प्रीतम सेठ सतपाल सिंह जसवीर सिंह पवन सिंह एडवोकेट संजीव मिश्रा मोहर सिंह आदि शामिल रहे। माध पूर्णिमा पर रामगंगा के अखा घाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। मुड़किया घाट पर लगा मेला, पुलिस रही अलर्ट: भमोरा थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर व ताजपुर नवदिया के समीप बहरी रामगंगा नदी पर बने मुड़किया घाट पर पूर्णमासी पर मेले लगा। बरेली बदायूं रोड पर रामगंगा पुल के पास बने घाट पर श्रद्धालुओं की गंगा स्नान के लिए भारी भीड़ रही। यहां पर भी पुलिस अलर्ट पर रही। फतेहगंजपूर्वीः रामगंगा एवं बहगुल नदी तट पर लोगों ने स्नान किया तथा घाटों पर मेलों का आयोजन किया गया। लोगों ने गंगा स्नान कर दान पुण्य कर प्रसाद चढ़ाया तथा घाटों पर कथा हवन का आयोजन किया । इस दौरान दोनों नदियों के घाटों पर मेलों का आयोजन भी किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
