बरेली। जनपद की थाना बारादरी पुलिस ने 31 लाख की स्मैक के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर शहर में स्मैक स्पलाई करने के लिए आए थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उन्हे जेल भेज दिया, जबकि मौके से फरार एक आरोपी को तलाश में पुलिस जुटी है। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि शनिवार की रात रुहेलखंड चौकी प्रभारी मनीष भारद्वाज टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग डेंटल कॉलेज के पीछे वाली रोड पर मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी करके तीन लोगों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पकड़े गए आरोपियों के पास से 31 लाख रुपये की कीमत की 312 ग्राम स्मैक, तमंचा कारतूस के साथ दो बाइक भी बरामद हुई हैं। पकड़े गए आरोपियों में गांव वीरपुर थाना फरीदपुर के निवासी देवेश सिंह, कमल कुमार, विथरी चैनपुर के सुंदरपुर गांव का अनिकेत साहू शामिल हैं, जबकि फरीदपुर के कादरगंज गांव निवासी राजबीर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है। वही सीबीगंज पुलिस ने रात्रि गस्त के दौरान तस्कर को 630 ग्राम अफीम समेत गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि टीम के साथ गत रात्रि में परसाखेड़ा में बंडिया गांव के पास नहर की पुलिया पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान घुसा गांव निवासी रेहान पुत्र कमरुद्दीन को 630 ग्राम अफीम समेत गिरफ्तार किया। उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।।
बरेली से कपिल यादव
