हाफिजगंज, बरेली। जनपद की थाना हाफिजगंज पुलिस ने टेंपो लूटने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को 36 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से टेंपो, मोबाइल फोन, नकदी और तमंचा बरामद किया। तीनों आरोपियों पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज है। पुलिस के मुताबिक थाना नवाबगंज के गांव अभयराजपुर निवासी गौरव गंगवार शुक्रवार को बरखेड़ा मार्ग पर सीठोर के बीच आ रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उनको रोक लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर गौरव से मोबाइल, 1270 रूपये और टेंपो लूट लिया। विरोध करने पर उनको पीटा और बंधक बनाकर खाई मे फेंक दिया। पीड़ित गौरव ने क्योलड़िया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से पुलिस आरोपियों की तलाश मे जुटी थी। हाफिजगंज थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी ने बताया कि शनिवार रात एसआई रोबिन कुमार, दरोगा नितेश चौधरी, सिपाही दिनेश कुमार व प्रेम सिंह गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम सुंदरी के आगे देशनगर तिराहे के पास टेंपो मे तीन व्यक्ति लूट की योजना बना रहे है। पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान की घेराबंदी कर ली और मौके से तीन लोगों को पकड़ किया। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी सोनू उर्फ सोमपाल, जितेंद्र उर्फ गंठा और लोकेश उर्फ अर्जुन उर्फ लडडू हैं। तीनों गांव नकटी नरायनपुर थाना क्योलड़िया के रहने वाले हैं। थाना प्रभारी प्रवीन सोलंकी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ हाफिजगंज व क्योलड़िया थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज है।।
बरेली से कपिल यादव
