पिता ने मंडलायुक्त से लगाई गुहार, बोला- अस्पताल ने मेरा एक बच्चा चुराया, वापस दिलाओ

बरेली। पत्नी की अल्ट्रासाउंड जांच में जुड़वा शिशु की रिपोर्ट और जन्म एक ही बेटी का होने के बाद फरीदपुर के गजनेरा के रहने वाले सुरेश बाबू बेचैन है। उन्हें इस बात का शक है कि प्रसव के दौरान जिला महिला अस्पताल के स्टाफ ने उनका एक शिशु चोरी कर लिया है। इसे लेकर दिल में बार-बार हुक पैदा हो रही है। शायद यही वजह रही कि शुक्रवार की सर्द और कोहरे से भरी सुबह की परवाह किए बगैर ही तीन दिन की नवजात बेटी, पत्नी और घर के दो और लोगों को लेकर मंडलायुक्त कार्यालय पहुंच गए। उनके चेहरे पर दर्द साफ झलक रहा था। हाथ में दरखास्त व कुछ और जांच रिपोर्ट भी थीं। पत्नी के साथ मंडलायुक्त के सामने पेश और और रुआंसे हुए बोले…साहब जिला महिला अस्पताल वालों ने मेरा एक बेटा कहीं गायब कर दिया है। मंडलायुक्त ने पीड़ित पिता की बात को संजीदगी से सुना और प्रार्थनापत्र लेकर फौरन जांच के आदेश भी दे दिए। सुरेश बाबू की पत्नी राजेश्वरी देवी का प्रसव जिला महिला अस्पताल में आठ दिसंबर को हुआ था। उन्होंने कुछ महीनों के अंतराल में एक निजी और प्रसव से पहले जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट कराईं थीं। दोनों ही रिपोर्ट में जुड़वा शिशु और जन्म एक ही बेटी का होने के बाद से ही सुरेश बाबू और उनकी पत्नी सहित पूरा परिवार बिलख रहा है। इसी तड़प के बीच शुक्रवार को वह पत्नी और घर के दो और लोगों के साथ मंडलायुक्त कार्यालय में पहुंच गए। कुछ देर बाद मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी के अर्दली ने उन्हें जनसुनवाई के दौरान बुलाया। सुरेश बाबू ने लिखित प्रार्थनापत्र देते हुए मंडलायुक्त को पूरी जानकारी दी कि वह कब अपनी पत्नी को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया, प्रसव रूम में क्या घटनाक्रम रहा और किस तरह से वहां मामले को दबाने की कोशिश की गई। सुरेश बाबू ने शक जताया कि प्रसव के समय एक शिशु को चोरी कर लिया गया है इसलिए पूरे मामले की जांच कराते हुए दूसरा शिशु कहां है, इसका पता लगवाकर वापस दिया जाए। मंडलायुक्त ने पीड़ित पिता की पूरी बात सुनी और प्रकरण के जांच के आदेश दे दिए। मंडलायुक्त के प्रकरण गंभीरता से लेने के बाद पीड़ित पिता के कलेजे में कुछ ठंडक तो मिली है लेकिन जब तक यह राजफाश नहीं हो जाता कि सुरेश बाबू की पत्नी के अगर दो शिशु हुए थे तो एक कहां गया, तब तक उसके पूरी तरह से सुकून नहीं मिलेगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *