देवरनियां, बरेली। जनपद के थाना देवरनियां क्षेत्र के गांव कनमन मे पांच दिन से बिजली न आने से नाराज व्यापारियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान विभागीय अफसरों से बिजली समस्या दूर करने की मांग की। व्यापारियों के अनुसार कनमन को बिजली आपूर्ति 33/11 केवी उपकेन्द्र रिछा से की जाती है। यहां पांच दिन से बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे व्यापारी परेशान हैं। बता दें कि कनमन में पिछले पांच दिन से पुरैनाताल रोड पर लगा ट्रांसफॉर्मर खराब था। तीन दिन बाद विभाग ने ट्रांसफॉर्मर तो लगा दिया, लेकिन बिजली कर्मचारियों ने केबल में फाल्ट कहकर बिजली सप्लाई नहीं जोड़ी। गुस्साए व्यापारियों ने सोमवार कनमन बाजार पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि तत्काल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को बिजली समस्या से निजात मिल सके। इस दौरान रमेश गंगवार, धर्मेन्द्र कुमार, मुनीश मौर्य, मोहम्मद अजीज, शकील अहमद, देवेन्द्र मौर्य, नरेन्द्र गंगवार, प्रमोद कुमार, जितेश गंगवार, ढाकनलाल गंगवार, इस्लाम नबी, इकरार अहमद, तनीश आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
