परसाखेड़ा में प्लास्टिक गिलास बनाने वाली फैक्ट्री पर कार्रवाई, पांच लाख का लगाया जुर्माना

बरेली। मंगलवार को परसाखेड़ा स्थित एक फैक्ट्री पर निगम की टीम ने छापा मारा जहां भारी मात्रा मे प्रतिबंधित प्लास्टिक से बने गिलास और अन्य सामान जब्त किया गया। फैक्ट्री पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम की स्वास्थ्य विभाग की कई टीमों ने मंगलवार को अभियान के तहत परसाखेड़ा की एक फैक्ट्री पर छापा मारा जहां प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलास बनाए जा रहे थे। जांच के दौरान फैक्ट्री के अंदर से लगभग साढ़े चार लाख रुपये की कीमत का 2 टन प्लास्टिक जब्त किया गया। मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक एमपीएस राठौर ने बताया कि फैक्ट्री में प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलास और पॉलिथीन का उत्पादन हो रहा था। फैक्ट्री संचालक अरूण अग्रवाल को नोटिस जारी कर दिया गया और 5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जांच के दौरान, टीम के पहुंचने पर फैक्ट्री के कर्मचारियों ने अचानक गेट बंद करने की कोशिश की, जिससे नगर निगम को कुछ गड़बड़ी का शक हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने अंदर जाकर फैक्ट्री की जांच की, जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उत्पादन और भंडारण पाया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश के नेतृत्व में मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह राठौर, सफाई निरीक्षक संजय कुमार, पूर्णिमा सक्सेना, और प्रवर्तन दल के प्रभारी सीपी सिंह समेत कई अधिकारियों की टीम ने फैक्ट्री में लगभग छह घंटे तक जांच की। फैक्ट्री के बाहर “कॉन्सेप्ट फर्नीचर” का बोर्ड लगा था जबकि अंदर प्रतिबंधित प्लास्टिक का उत्पादन हो रहा था। शाम तक कार्रवाई जारी रही और जब्त किया गया सारा सामान गोदाम में सुरक्षित रखा गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *