बरेली। थाना कैंट क्षेत्र मे बुधवार की सुबह एक 25 वर्षीय महिला ने घरेलू कलह के चलते फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों ने जब फंदे से लटका देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक थाना कैंट के झील गौटिया अभयपुर गांव निवासी राजकुमार पेंटर है। वह अपनी वृद्ध मां और पत्नी राजवंती के साथ रहते है। उनकी मां काफी समय से बीमार चल रही है जिसका इलाज राजकुमार करा रहे थे। इलाज में काफी रुपये खर्च हो रहे थे। पत्नी राजवंती ने सास का इलाज कराने से मना किया कि फालतू मे रकम खर्च कर रहे हो। राजकुमार नहीं माना तो इसी बात पर आए दिन झगड़ा शुरू हो गया। मंगलवार की रात भी इसी बात को लेकर दोनो में झगड़ा हुआ। बुधवार की सुबह राजवंती ने खाना बनाया और राजकुमार खाना खाकर काम पर चला गया। दोपहर मे उसे लोगों ने फोन किया कि राजवंती ने फंदा लगा लिया है। जिसके बाद राजकुमार किसी तरह हाफते हुए वहां पहुंचा और राजवंती को नीचे उतारा लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। उसके बाद भी वह पत्नी को लेकर अस्पताल गया लेकिन डॉक्टरों ने भी मृत घोषित कर दिया। पत्नी के अचानक इस कदम से राजकुमार बिलख पड़ा। वही स्थानीय लेाग भी राजवंती के इस कदम को गलत बताते रहे। वहीं बहू की खुदकशी के चलते सास भी अपने आंसू रोक नही पा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
