बरेली। धर्म बदलने और प्रेमी से शादी करने का दावा करने वाली युवती छह महीने बाद बरेली लौट आई है। यहां आने के बाद वह एक बार फिर चर्चा में आ गई है। युवती ने दावा किया है कि उसने न तो अपना धर्म बदला और न ही प्रेमी के साथ शादी की। वह उसके साथ लिव-इन में रह रही थी। उसने अपनी सौतेली मां पर फंसाने के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि सौतेली मां ने ही उसे युवक के साथ रिश्ते में फंसाया ताकि उसे ब्लैकमेल किया जा सके। युवती ने कहा कि उसने अपना धर्म नही बदला है। प्रेमी के साथ शादी भी नही की। वह दोनों लिव-इन रिलेशनशिप मे रह रहे थे। आरोप लगाया कि सौतेली मां ने पहले उसे युवक से दोस्ती करने के लिए उकसाया। फिर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसका कहना है कि सौतेली मां ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। आज जब उसकी बेटी की इज्जत पर बात आई तो वह थाने पहुंच गई। युवती ने कहा कि वह मुझे बिगाड़ती रही क्योंकि मैं सौतेली बेटी थी। दरअसल युवती ने अपनी सौतेली बहन का कोई वीडियो अपलोड किया है। उसके मुताबिक यह सब उसने अपनी सौतेली मां को सबक सिखाने के लिए किया। यहां बता दें कि युवती के खिलाफ उसकी मां ने थाने में शिकायत दी है। इसके बाद बुधवार को युवती भी थाने पहुंची। यहां उसने मीडिया से बात करते हुए यह सब बातें कही। वही शहर निवासी युवती फरवरी 2025 मे अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। उसके पिता ने प्रेमनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद युवती ने कई वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में युवती ने कहा था कि उसका अपहरण नही हुआ है। वह बालिग है और अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ गई है। उस समय उसने दावा किया था कि उसने सनातन धर्म अपना लिया और प्रेमी से मंदिर मे शादी कर ली। वीडियो मे वह तिलक और सिंदूर लगाए नजर आई थी। वीडियो के माध्यम से अपने पिता से कहा कि प्लीज वह केस वापस ले लें। उसे परेशान न करें। जब सोशल मीडिया पर उसे ट्रोल किया गया था, तब भी उसने वीडियो बनाकर जवाब दिया था।।
बरेली से कपिल यादव