आगरा- ताजगंज स्थित एक होटल में चार लोगों को होटल के कमरे में बुलाया गया और फिर उनको बेहोश करने के बाद पैसे, मोबाइल और लैपटॉप लूट लिया गया।
कमरे में बेहोशी की अवस्था में पड़े युवकों को देखकर होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कई घंटे बाद उन्हें होश आया और उन्होंने पूरी बात बताई
गोवा निवासी दंपति और दो अन्य युवक आगरा आए थे। एक एजेंट उन्हें नौकरी लगवाने के नाम पर आगरा लाया था। चारों लोग सोमवार सुबह तकरीबन नौ बजे आगरा आए। एक युवक सभी को फतेहाबाद रोड स्थित अमर होटल में ले आया। पति-पत्नी को एक कमरे में और दो युवकों को अलग कमरे में ठहरा दिया।
होटल स्टाफ ने पुलिस को बताया कि रात तकरीबन 11 बजे सभी ने खाना खाया। खाना खाने के बाद दंपत्ति और दोनों युवक सोने चले गए। युवक भी चला गया।
मंगलवार सुबह तकरीबन नौ बजे एक युवक ने रिसेप्शन पर फोन किया। वह ठीक से बोल नहीं पा रहा था। इस पर कर्मचारियों को शक हो गया। वह कमरे में गए, तो दोनों बेहोशी की हालत में पड़े हुए थे। दंपत्ति भी अपने कमरे में बेहोशी की हालत में पड़े थे। होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चारों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया।
कई घंटे बाद उन्हें होश आया और उन्होंने बताया कि एक युवक उन्हें नौकरी लगवाने लाया था और उन्हें बेहोश कर लूट करके चला गया। इंस्पेक्टर ताजगंज ओमहरि वाजपेयी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
– योगेश पाठक आगरा