आज़मगढ़ – नवरात्र महापर्व के शुभारम्भ पर बुधवार को जनपद के देवी मंदिरों में दर्शन करने के लिए पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर उन्हें चुनरी व नारियल का गोला अर्पित किया। इस मौके पर सुहागिनों ने अपने पति की दीर्घायु होने की कामना भी की। ज्यादातर दुर्गा मंदिरों में महिला, पुरुष, बच्चे-बूढ़े पूजा करते दिखाई दिए। हर जगह मेला जैसा माहौल नजर आया। शहर के मुख्य चौक स्थित दक्षिण मुखी मंदिर में मां के दर्शन करने को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जमा होने लगी थी। इससे पूर्व वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां का अभिषेक कर श्रंगार किया गया और आरती की। इसके बाद दर्शनार्थियों को लिए माता का दरबार लगा दिया गया। इसी तरह शहर के बड़ादेव, काली चौरा, रैदोपुर, सिधारी आदि क्षेत्रो में मंदिरों में विराजमान देवी के दर्शन पूजन को भक्त उमड़ पड़े हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में निजामाबाद स्थित शीतला मंदिर, पल्हना स्थित देवी दरबार में भी भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। आजमगढ़ शहर के साथ ही ग्रामीण अंचलों में शारदीय नवरात्र को देखते हुए पहले से सारी तैयारियां कर ली गयीं थी। साफ़ सफाई व रंग रोगन के साथ ही रंग बिरंगे झालरों पर विशेष जोर दिया गया था। शाम होते होते मंदिरों की जगमग लाईट लोगों के आकर्षण का केंद्र थीं। सभी मंदिर जगमगा रहे थे। परिसर के बाहर से लेकर अन्दर तक रंग बिरंगी लाईटों की व्यवस्था की गयी है। मुख्य चौक स्थित दक्षिण मुखी देवी मंदिर पर इस वर्ष विशेष सजावट की व्यवस्था दिखी। वहीं अन्य मंदिरों पर भी विशेष प्रयास किया गया था।
रिपोर्ट-:राकेश वर्मा आजमगढ़