बरेली। बीडीए की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोचीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मिलक में बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। ये अवैध कॉलोनी मौलाना तौकीर के करीबी नफीस और उनके सहयोगियों की बताई जा रही है। बुधवार को बीडीए की टीम ने सीबीगंज के मिलक मे 45 बीघा क्षेत्रफल मे नफीस, इन्द्रपाल, तसलीम, पप्पन समेत अन्य लोगों द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर की कार्रवाई की। यहां भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क, साइट ऑफिस और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा प्रवर्तन टीम ने दो अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की। रामपुर रोड स्थित मथुरापुर मे आरिफ द्वारा लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्र में किए गए व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया। मिलक में शहजाद द्वारा लगभग 1500 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाए जा रहे स्कूल भवन को भी बीडीए ने सील किया गया। बीडीए उपाध्यक्ष डा. ए मनिकंडन ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं के तहत की गई है। बरेली विकास प्राधिकरण लगातार आम नागरिकों से अपील कर रहा है कि किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करने से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना स्वीकृत मानचित्र के किया गया निर्माण या प्लॉटिंग अवैध मानी जाएगी और उसे ध्वस्त किया जा सकता है। प्राधिकरण ने भवन या भूखंड खरीदने से पहले मानचित्र स्वीकृति की पुष्टि करने की सलाह दी है अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं कॉलोनाइजरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
