बरेली। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ गुरुवार को प्रदर्शन किया। सपाई पार्टी कार्यालय से पैदल मार्च निकालते हुए नगर निगम पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन देने को लेकर काफी देर तक निगम अफसरों के साथ नोकझोंक होती रही। प्रदर्शनकारी नगर आयुक्त को ज्ञापन देने पर अड़ गए। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन लेने के लिए भेजा था। जिसको प्रदर्शनकारियों ने वापस लौटा दिया। नारेबाजी करते हुए सपा के पार्षद गौरव सक्सेना बेहोश हो गए। काफी देर तक जमीन पर लेटे रहे। बाद मे नगर आयुक्त ने जाकर ज्ञापन लिया। ज्ञापन देने के बाद सपाइयों की निगम के प्रवर्तन दल के सुरक्षाकर्मियों के साथ नोकझोंक हो गई। पुलिस को भी दखल देना पड़ा। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव