नगर निगम की महिला कर्मचारी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार, बोला- बेवफा थी दीपा, इसलिए मार डाला

बरेली। नगर निगम की महिला सफाईकर्मी की हत्या के मामले मे पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला की हत्या उसके पति ने की थी। इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी ने बताया कि उसके लौटने के बाद भी पत्नी प्रेमी के संपर्क मे थी और उसके साथ रहना चाहती थी इसलिए वह हत्या करके फरार हो गया। थाना फतेहगंज पश्चिमी के गांव पिथूपुरा मे रहने वाली 35 वर्षीय दीपमाला उर्फ दीपा की 14 जुलाई की रात सिद्धार्थनगर स्थित किराए के कमरे में सिर पर प्रहार के बाद ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गृहस्वामी संतोष ने दीपमाला के दूसरे पति माधोबाड़ी निवासी राजीव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस राजीव की तलाश कर रही थी और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। रविवार को पुलिस ने उसे खजुरिया जुल्फिकार तिराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ मे राजीव ने बताया कि दीपा के पहले पति की मौत के बाद वह 2021 से उसके साथ लिव इन रिलेशन में रहने लगा। एक साल पहले वह दीपा से कुछ रकम लेकर मुंबई काम करने चला गया और फोन पर उससे बात बंद कर दी। इसके बाद दीपा भोजीपुरा के गांव अलीपुर के अरुण मैसी के संपर्क मे आ गई। करीब दो महीने पहले वह मुंबई से लौटा तो दीपा फिर उसके साथ रहने को तैयार हो गई। उन दोनों ने 11 जुलाई को सिद्धार्थनगर मे संतोष कश्यप का मकान किराये पर ले लिया और रहने लगे लेकिन दीपा फिर भी अरुण से फोन पर बात करती थी। विरोध पर झगड़ा करती थी। 14 जुलाई को नौकरी से लौटने के बाद वह करीब तीन घंटे अरुण से मिलकर लौटी और फिर फोन पर भी उससे बात कर रही थी। विरोध पर झगड़ा हो गया। शाम को उसने दीपा से खाना बनाने को कहा तो उसने मना कर दिया। दोनों झगड़ा करके सो गए। राजीव ने बताया कि 15 जुलाई की सुबह चार बजे वे लोग सोकर उठे तो अरुण मैसी को लेकर फिर झगड़ा हो गया। दीपा ने कहा कि उसने साथ आकर गलती कर दी। अब उसे अरुण मैसी के साथ ही रहना है। इस पर उसने कमरे मे पड़े चारपाई के पाये से उसके माथे पर प्रहार कर दिया। दीपा बेहोश होकर गिरी तो उसने सेविंग ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी और छत के रास्ते भाग निकला।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *