धूप खिली, गलन ने किया बेहाल, आगामी दिनों में सर्दी से मिलेगी राहत

बरेली। मंगलवार की दोपहर आसमान में धूप तो खिली लेकिन गलन भरी सर्दी लोगों की कंपकपी छुड़ाती रही। दिन ढलते ही कोहरे की चादर ने फिर से लोगों का रास्ता रोकना शुरू कर दिया। ठंड से राहत पाने के लिए सुबह और शाम लोग अलाव की आंच से खुद को गर्म रखने का प्रयास करते दिखे। मौसम इन दिनों बार-बार रंग बदल रहा है। सोमवार रात से ही कोहरा नदारद रहा। लेकिन धूप खिलने के बावजूद मंगलवार की सुबह वातावरण में काफी गलन रही। हालांकि दिन चढ़ते-चढ़ते धूप तेज हुई। इससे अधिकतम तापमान बढ़कर 19.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सोमवार को 17.6 डिग्री सेल्सियस था। यानी, करीब दो डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा। वहीं, न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। एक रात पहले न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस था। यानी, अधिकतम और न्यूनतम, दोनों तरह के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई। वहीं, अधिकतम आद्रता 100 और न्यूनतम 62 प्रतिशत दर्ज की गई। पंतनगर स्थित कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ.आरके सिंह ने बताया कि तीन फरवरी को आसमान पर बादल छाए रहेंगे। चार और पांच फरवरी को दिन में एक या दो बार हल्की बारिश होने के आसार हैैं। बारिश होने की वजह से तापमान में गिरावट हो सकती है। हालांकि अब धीरे धीरे सर्दी कम होने के आसार लगने लगे हैं क्योंकि धूप रोजाना खिल रही है। वहीं जिस तरह से अभी तक सर्दी पड़ रही है। वह गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद है। सर्दी की वजह से जहां कम पानी की जरुरत पड़ेगी। वहीं किसानों की गेहूं की फसल कम लागत में तैयार होगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *