नवाबगंज, बरेली। ओसवाल चीनी मिल मे गन्ना किसानों का भुगतान नही हो पा रहा है। अब धान का भी भुगतान नही होने से किसान आक्रोशित है। सरकारी धान क्रय केंद्रों पर धान की तौल होने के बावजूद भुगतान न मिलने से नाराज किसानों ने कृषि उपमंडी स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और शीघ्र भुगतान की मांग उठाई। तहसील नवाबगंज क्षेत्र की कृषि उपमंडी में समर्थन मूल्य पर धान खरीद के लिए कई सरकारी क्रय केंद्र संचालित किए गए थे। किसानों ने नियमानुसार अपने धान की तौल भी करवा दी लेकिन 3 जनवरी 2026 को सरकारी पोर्टल बंद हो जाने के कारण भुगतान की प्रक्रिया बाधित हो गई। पोर्टल बंद होने से पॉश मशीन पर फिंगरप्रिंट नही लग पा रहे है। जिससे दर्जनों किसानों का भुगतान अटक गया है। भुगतान मे देरी से परेशान किसानों ने मंडी परिसर में एकत्र होकर हंगामा किया। आरोप है कि केंद्र प्रभारियों ने धान की तौल तो करा ली लेकिन भुगतान के नाम पर टालमटोल की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान रामकिशोर व ललित कुमार (याकूबपुर), देवदत्त (बैकेनिया), जानकी प्रसाद, संतराम (दलेलनगर), रामचन्द्र व मायादेवी (बढ़ेपुरा), चौधरी शिशुपाल सिंह, परशुराम सहित बड़ी संख्या मे किसान मौजूद रहे। किसानों ने मांग की कि पोर्टल की तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान कर उनके बकाया भुगतान को जल्द से जल्द भकराया जाए अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
