बरेली। शासन के निर्देश पर आई टीम ने शनिवार को शहर के स्वास्थ्य केंद्रों का हाल देखा। केंद्रों पर स्टाफ तो अलर्ट दिखा, व्यवस्था भी चमका दी थी लेकिन डॉक्टर और स्टाफ की किल्लत सामने आ गई। एक ही डॉक्टर की रोटेशन में दो-दो स्वास्थ्य केंद्रों पर ड्यूटी देखकर टीम चौंक गई। शनिवार को टीम ने कैंट, बिहारीपुर, कुंवरपुर के शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण किया। यहां डॉक्टर और स्टाफ मौजूद मिला। जब टीम भूड़ पहुंची तो वहां चिकित्सक नहीं थे। पूछने पर स्टाफ ने बताया कि एक ही डॉक्टर की ड्यूटी भूड़ और बानखाना में लगी है। इतनी देर मे सूचना मिलने पर बानखाना से डॉक्टर भी आ गए। उन्होंने टीम को बताया कि वह बानखाना में ड्यूटी कर रहे थे। उनकी सप्ताह में तीन-तीन दिन ड्यूटी लगाई गई है जिससे दोनों केंद्रों पर मरीजों को इलाज की सुविधा मिल सके। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने माधोबाड़ी, गंगापुर, जोगीनवादा, नवादाशेखान आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंची। वहां डॉक्टर से डेंगू मलेरिया जांच के बारे में पूछा तो पता चला कि विभाग से किट तो दी गई है लेकिन सैंपल लेने के लिए एलटी नहीं है। ऐसे में किट होने के बाद भी जांच के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल भेजा जाता है। टीम ने बिहारमान नगला, इंद्रानगर और एजाजनगर का भी निरीक्षण किया।।
बरेली से कपिल यादव
