देश के सबसे बड़े राज्य के रूप मे स्थापित हो रहा यूपी – योगी

बरेली को 3405 करोड़ की सौगात
बरेली के साथ होगा मंडल के जनपदों का विकास

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दशकों तक परिवारवाद, जातिवाद और विभाजन की राजनीति का शिकार उत्तर प्रदेश आज देश के प्रगतिशील राज्य के रुप मे स्थापित हो रहा है। श्री योगी ने बुधवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत बरेली क्लब यात्रा मैदान मे तीन हजार चार सौ पांच करोड़ रुपए की 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन ही हमारा मिशन है। इसके तहत हमारी सरकार बिना भेदभाव के शासन की योजनाएं प्रदेश के सभी नागरिकों को बिना भेदभाव के उपलब्ध करा रही है। इस दौरान उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं के पात्र लोगों को प्रमाण पत्र भी वितरित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प हम लोगों के सामने रखा है। इसके लिए सीएम योगी ने लोगों को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए पंच प्रण गुलाम की मानसिकता से मुक्ति, विकसित भारत, विरासत पर गर्व, एकता एवं एकजुटता और नागरिक कर्तव्य की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत यात्रा का यही संकल्प है और हमें इसी संकल्पना के साथ आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 के पहले उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में महीनों तक कर्फ्यू लगता था। हमने कर्फ्यू को कांवड़ यात्रा में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि पहले रोजगार के नाम पर एक परिवार पूरे प्रदेश में जाकर नौजवानों से वसूली करता था। हमारी सरकार ने पिछले छह वर्ष में छह लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। एक करोड़ 75 लाख से अधिक नौजवानों को निजी क्षेत्र में नौकरी देने में सफल रही है। सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार बरेली में बन रहे नाथ कॉरिडोर को फाइनल स्वरूप दे रही है। नाथ कॉरिडोर को जोड़ने वाले जितने भी महत्वपूर्ण रास्ते हैं, उन्हें स्वीकृति दे दी गई है। यही विरासत का सम्मान है। अगली बार जब आएंगे तो विभिन्न परियोजनाओं को लोकार्पण करेंगे। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का हर नागरिक अपने आपको सुरक्षित महसूस करता है। लोककल्याण की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति को मिल रही है। विकास की बड़ी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज नए भारत का अनुसरण पूरी दुनिया कर रही है। यह भारत की 140 करोड़ की आबादी के लिए गौरव और सम्मान की बात है। सीएम योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में लोग अयोध्या का नाम लेने से डरते थे। उन्हें लगता था कि अयोध्या का नाम ले लेंगे तो उन पर कलंक लग जाएगा, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। 500 की तपस्या और संघर्ष समाप्त हो चुका है। आज पूरी दुनिया अयोध्या आना चाहती है। अब अयोध्या में सड़क, हवाई और रेल कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि अब नये भारत के नये उत्तर प्रदेश में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के भक्तों को त्रेतायुगीन अयोध्या के दर्शन होंगे। वही विकास भवन मे उन्होंने मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के माध्यम से चल रही विकास परियोजनाओं और नई प्रस्तावित योजनाओं पर विस्तार से जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ में चर्चा की। आमतौर पर बरेली में दो मुंसिपल कॉरपोरेशन है। बरेली के साथ ही बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर को कैसे विकसित किया जाए। इस पर भी चर्चा की। इन शहरों में ट्रैफिक, स्वच्छता व सड़कों को लेकर बड़ी कार्य योजनाओं के साथ कार्य कर रहे हैं। योजनाआों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव व प्रस्ताव रखे। कुछ प्रस्ताव को स्वीकृत किया जा चुका है। कुछ पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जा रहा है। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण के राज्य मंत्री डॉ अरुण कुमार कुमार सक्सेना, सांसद बरेली संतोष गंगवार, सांसद आंवला धर्मेंद्र कश्यप, महापौर डॉ उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा सहित भारी संख्या मे लाभार्थी और लोग मौजूद थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *