दूसरे दिन भी अतिक्रमण पर गरजा बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त

बरेली। छावनी परिषद की टीम ने दूसरे दिन भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। गुरुवार को सुबह 11 बजे सदर बाजार पहुंची टीम ने अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू की। अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। इस दौरान महिलाओं ने कार्रवाई के विरोध मे आवाज उठाई। टीम से भी नोकझोंक हुई। महिलाओं ने आरोप लगाए कि छावनी परिषद की टीम को बात करने तक का तमीज नही है। उनसे कहा गया था कि कुछ देर रुक जाएं। हम सामान हटवा लें। इसके बाद भी उन्होंने एक नही सुनी। उन्हें सामान हटाने तक का वक्त नही दिया गया। टीम पर पक्षपात का आरोप भी लगाया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई चल रही है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने 24 अक्तूबर को इस संबंध मे आदेश दिए थे। पहले दिन छावनी परिषद की टीम अवैध कब्जों को हटाने के लिए कैंट थाना पुलिस के साथ रवाना हुई। इस दौरान सदर बाजार, उसके आस-पास के क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। कैंट बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक, टीम ने अस्थायी ढांचे, कब्जे और अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दोबारा सार्वजनिक उपयोग के लिए मुक्त कराया। ये अभियान 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। चिह्नित अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। कार्रवाई में सफाई अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी, जेई मनोज यादव, भूमि लिपिक अभिषेक कुमार सक्सेना, राजस्व निरीक्षक विकास चंद्र गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *