फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर मे दुष्कर्म के बाद 11 साल की बच्ची की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। आरोपी के पास से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा और बालिका की हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद किया है। थाना फरीदपुर के एक मोहल्ले मे शनिवार शाम 11 साल की बालिका घर के आंगन में मृत मिली थी। रविवार को पोस्टमॉर्टम कराया गया तो उसके साथ दुष्कर्म की बात सामने आई। बालिका की मां ने सोमवार को मोहल्ले के ही सजातीय व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के साथ एसओजी को भी लगाया गया था। मंगलवार की सुबह छह बजे पुलिस ने आरोपी को पदारथपुर मोड़ पर हाईवे किनारे घेर लिया। पुलिस को देखकर उसने फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान उसके बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी साउथ अंशिका वर्मा के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शनिवार को बालिका घर मे अकेली थी। मौका पाकर वह छत के रास्ते घर मे घुस गया। दुष्कर्म के बाद दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी और छत के रास्ते ही वह वहां से भाग गया।।
बरेली से कपिल यादव