बरेली। दीपावली पर घर पहुंचने वाली की ट्रेनों में सोमवार तक भीड़ रही। एक सप्ताह से ट्रेनें ठसाठस भरकर चल रही थीं। दो दिन से हाल ज्यादा ही खराब थे। त्योहार के बाद मंगलवार दोपहर के बाद भीड़ कुछ कम हुई लेकिन पैर रखने की जगह नहीं थी। जनरल कोच में धक्का-मुक्की करके यात्री घुसे तो कई ने लटककर यात्रा की। बरेली और आसपास के जिलों को जाने वाली मेमू और इंटरसिटी एक्सप्रेस में स्थिति आज भी पहले जैसी रही। इन ट्रेनों के डिब्बे खचाखच भरे रहे और यात्री हाथों में गिफ्ट पैकेट, मिठाई के डिब्बे और सामान लिए नजर आए। प्लेटफार्म एक को छोड़कर बाकी प्लेटफार्मों और पैदल यात्री पुलों पर सामान्य से अधिक भीड़ बनी रही। इसके अलावा ट्रेनों के देरी से पहुंचने से यात्रियों को काफी दिक्कत हुई। जानकारी के अनुसार 12370 कुंभ एक्सप्रेस देहरादून से 4 घंटा 15 मिनट रीशेड्यूल होने से करीब पांच घंटे देरी से बरेली जंक्शन पहुंची। 05576 फेस्टिवल स्पेशल करीब दो घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। रेलवे इंक्वायरी काउंटर पर भी यात्रियों की भीड़ देखने को मिली। इंक्वायरी खिड़की पर लगभग 10-12 यात्री जानकारी के लिए लाइन में खड़े थे। जिनमें से ज्यादातर ने लखनऊ मेमू और इंटरसिटी एक्सप्रेस के बारे में पूछा। सहायता कक्ष पर एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। दोपहर करीब सवा बारह बजे जब दो यात्रियों ने प्रयागराज जाने वाली ट्रेन की जानकारी पूछी तो वहां मौजूद रेलकर्मी ने कहा कि दिवाली है जो ट्रेन पहले आए उसमें सवार हो जाओ। वरना भैया दूज रास्ते मे गुजर जाएगी। स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि रेलवे की ओर से यात्रियों को सभी ट्रेनों की जानकारी दी जा रही है। जीआरपी और आरपीएफ भी अलर्ट पर है। वही दीपावली और छठ पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर नै विभिन्न प्रमुख नगरों के लिए कई पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई है।।
बरेली से कपिल यादव
