मीरगंज, बरेली। शाही से गन्ना लेकर रामपुर जा रही ट्रैक्टर ट्राली रविवार तड़के करीब चार बजे मीरगंज थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे स्थित ओवर ब्रिज पर पलट गई। जिससे ट्राली में भरा गन्ना हाईवे पर बिखर गया और उस पर सवार दो लोग दूर जा गिरे। दोनों उठकर बिखरा हुआ गन्ना ट्राली में भरने लगे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। सूचना पर पुलिस घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शाही थाना क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी सोनू किसान थे। रविवार तड़के करीब वह ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना लेकर रामपुर जिले के शाहबाद स्थित चीनी मिल पर जा रहे थे। ट्रैक्टर गांव के ही नन्हे लाल चला रहे थे। तड़के करीब चार बजे जैसे ही उनकी ट्राली मीरगंज थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित ओवर ब्रिज पर पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे गन्ना हाईवे पर बिखर गया। सोनू और नन्हे बिखरा हुआ गन्ना समेटकर ट्राली में भरने लगे, तभी एक अज्ञात वाहन ने दोनों को रौंद दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।।
– बरेली से कपिल यादव