दहेज प्रताड़ना मे महिला ने दी थी जान, पति-ससुर गिरफ्तार

बरेली। जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र के कुसुमनगर डोहरा गौटिया मे एलईडी टीवी की मांग को लेकर पति से विवाद के बाद शिवानी शर्मा ने फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने शिवानी के पति सोनू उर्फ ब्रजकिशोर शर्मा और ससुर राजेन्द्र प्रसाद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया। थाना बारादरी प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि 22 दिसंबर की सुबह 9 बजे कुसुमनगर निवासी शिवानी शर्मा ने घर मे पंखे से लटककर जान दे दी थी। सुभाषनगर के शांति विहार निवासी पिता मुनीश शर्मा ने बताया कि शिवानी की शादी 18 मई 2022 को सोनू उर्फ ब्रजकिशोर शर्मा से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से दहेज को लेकर प्रताड़ना शुरू हो गई थी। 21 दिसंबर की रात शिवानी मायके से लौटी थी और उसी रात पति सोनू दिल्ली से घर आया। रात में एलईडी टीवी को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ। सुबह दरवाजा नहीं खुला तो अंदर जाकर देखा गया कि शिवानी फंदे पर लटकी हुई थी। पुलिस ने पति सोनू उर्फ ब्रजकिशोर शर्मा और ससुर राजेन्द्र प्रसाद शर्मा को सुरेश शर्मा नगर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *