त्योहारी सीजन मे लोगों को घर पहुंचाएंगी 800 से ज्यादा रोडवेज बसें व 230 ट्रेनें

बरेली। त्योहारी सीजन मे रोडवेज के बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो भी 600 से ज्यादा बसें चलाएंगे। अन्य डिपो से भी 200 से ज्यादा बसों का रोजाना बरेली आवागमन होगा। वहीं रेलवे बरेली होते हुए 60 विशेष गाड़ियों समेत 230 ट्रेनों का संचालन करेगा। ऐसे मे लोगों को गंतव्य तक जाने में ज्यादा परेशानी नही होगी। आम दिनों मे बरेली जंक्शन पर रोजाना 32-35 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। सेटेलाइट और पुराने बस अड्डे पर भी औसतन 30 हजार यात्री आते-जाते हैं। दिवाली, भैयादूज, छठ पूजा जैसे त्योहारों पर यात्रियों का दबाव दोगुना तक हो जाता है। बरेली होते हुए रोजाना अप-डाउन 190 नियमित ट्रेनों का संचालन होता है। इस बार रेलवे बरेली होते हुए 60 त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। नियमित ट्रेनों में सीटें पहले से फुल है। 28 अक्तूबर से 10 नवंबर के बीच कई विशेष ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट नही मिल रहे। यात्री अन्य विकल्प तलाश रहे है। कन्फर्म टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी पूर्वांचल, बिहार और बंगाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में है। 31 अक्तूबर को दिवाली और सात नवंबर को छठ पूजा का मुख्य त्योहार है। 29 अक्तूबर से ट्रेनों और बसों पर यात्रियों का दबाव ज्यादा बढ़ जाएगा। ऐसे मे रोडवेज ने भी बरेली होते हुए पूर्वांचल के लिए बसों के संचालन का निर्णय लिया है। छठ पूजा के लिए 12 और भैयादूज के लिए 80 बसों को रिजर्व रखा गया है। बरेली से मुंबई के लिए सप्ताह में तीन ट्रेनें हैं। दक्षिण भारत के लिए कोई ट्रेन नहीं है। इसका फायदा उड्डयन कंपनियां उठा रही हैं। मुंबई व बंगलूरू के लिए लोगों को महंगा हवाई सफर करना पड़ता है। मुंबई के लिए सप्ताह में तीन तो बंगलूरू के लिए चार दिन फ्लाइट है। इनमें 90 फीसदी सीटें पहले से बुक है। ई-टिकट बुकिंग वेबसाइट पर मुंबई से बरेली का हवाई किराया सामान्य दिनों के मुकाबले तीन गुना बढ़कर 14 से 16 हजार तक पहुंच गया है। 25 से 31 अक्तूबर के बीच बंगलूरू-बरेली का किराया 13 से 20 हजार रुपये तक पहुंच गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *