तौकीर के करीबी का तिमंजिला शोरूम भी हुआ जमीदोज, दो दिन, आठ बुलडोजर और अवैध शोरूम ध्वस्त

बरेली। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के करीबी मोहम्मद आरिफ का अवैध तीन मंजिला शोरूम भी रविवार को जमींदोज कर दिया गया। इससे एक दिन पहले शनिवार को बीडीए की टीम ने जगतपुर स्थित उसकी दो मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त कर दिया था। शनिवार को हुई कार्रवाई के दौरान पीलीभीत बाईपास रोड स्थित आरिफ के अवैध शोरूम पर भी बुलडोजर चलाकर करीब 20 फीसदी हिस्सा ध्वस्त किया गया था। रविवार को बीडीए की टीम ने शोरूम के बचे हुए हिस्से को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई के साथ ही अवैध संपत्तियों पर भी सख्ती जारी है। बीडीए ने शनिवार को मौलाना तौकीर रजा के करीबी आरिफ की जगतपुर रोड स्थित दो मंजिला मार्केट, जिसमें 16 दुकानें थी, को पूरी तरह ढहा दिया था। इसी दौरान पीलीभीत बाईपास पर स्थित तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स पर भी बुलडोजर चलाया गया था, जिसकी बची संरचना को रविवार को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। रविवार सुबह बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार पुलिस व प्रशासन की टीम संग मौके पर पहुंचे। टीम ने अवैध निर्माण के 80 प्रतिशत हिस्से को बुलडोजर और पोकलेन मशीन लगाकर ढहा दिया। इस भवन को 11 अक्टूबर 2024 को बीडीए ने सील भी कर दिया था। नियम विरुद्ध निर्माण साबित होने के बाद यह कार्रवाई की गई। ध्वस्तीकरण से पूर्व बाईपास रोड के एक तरफ का मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया। बैरिकेडिंग लगाकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कई थानों की पुलिस, पीएसी, सीओ, मजिस्ट्रेट और परिवर्तन दल के सदस्य मौके पर मौजूद रहे। बीडीए वीसी भी खुद निगरानी करते रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच जब बुलडोजर की पहली चोट इमारत पर पड़ी, तो भीड़ में खड़े लोगों के बीच सन्नाटा फैल गया। शाम के अंतिम प्रहार के साथ जिस क्षण तीन मंजिला इमारत धराशायी हुई, उस समय का दृश्य देखते ही बनता था। लंबे समय से खड़ी यह इमारत कुछ ही सेकेंड में धूल के गुबार में डूबकर जमीन पर बिखर गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *