बरेली। तीन सौ बेड हॉस्पिटल मे अव्यवस्था से नाराज मरीजों ने गुरुवार को हंगामा कर दिया। सुबह इलाज करने पहुंचे मरीज लाइन में लगे थे। इसी बीच पता चला कि पर्चा ही खत्म हो गया है। मरीजों का पर्चा बनना बंद हो गया। इससे नाराज मरीजो ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुराने पर्चे की फोटो कॉपी कराकर काउंटर पर रखे गए। इसके बाद ही मरीजों को इलाज मिल सका। गुरुवार की दोपहर बारह बजे के बाद अचानक मरीज ओपीडी मे हंगामा करने लगे। डॉक्टर भी कक्ष से बाहर निकल गए। जानकारी करने पर पता चला कि मरीजों की दवा वाले पर्चे खत्म हो गए है। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने तुरंत स्टाफ को जिला अस्पताल भेजकर पर्चे लाने के लिए कहा लेकिन प्रबंधन ने यह तर्क देकर पर्चे नही दिए कि वहां के पर्चे पर राजकीय चिकित्सालय लिखा होता है। लंबे समय से सीएमओ स्तर से पर्चे दिए जा रहे हैं। स्टाफ बैरंग लौट आया। मरीजों की परेशानी को देखते हुए पुराने पर्चे की फोटो कॉपी कराकर काउंटर पर रखे गए। इसके बाद ही मरीज और तीमारदारों का गुस्सा शांत हुआ। अस्पताल में ओपीडी के दौरान अक्सर डॉक्टर गायब हो जाते है। जानकारी के अभाव मे घंटों मरीज बंद कक्ष के बाहर उनका इंतजार करते रहते हैं। डॉक्टर के न होने पर मरीज बिना इलाज के लौट जाते हैं। गुरुवार को कमरा नंबर एक, दो और तीन से दोपहर बारह बजे तक ताले नही खुले थे। स्टाफ से जानकारी करने पर पता चला कि एक महिला डॉक्टर अवकाश पर है। दूसरे डॉक्टर की बीआईपी ड्यूटी है। वहीं तीसरे अभी तक आए नही है। ओपीडी में डॉक्टर नही होने से परेशान मरीजों ने इसकी शिकायत स्वास्थ्य कर्मियों से की।।
बरेली से कपिल यादव