ड्यूटी को निकली महिला लेखपाल गायब, ब्वॉयफ्रेंड ने की हत्या कोशिश और पहुंच गई अस्पताल

बरेली। जनपद मे ड्यूटी पर तहसील आने के लिए घर से निकली महिला लेखपाल रास्ते से लापता हो गयी। बाद मे वह नवाबगंज के एक अस्पताल में भर्ती मिली। पुलिस का कहना है कि बॉयफ्रेंड ने गले में फंदा लगाकर उसकी हत्या की कोशिश की और फिर अस्पताल मे भर्ती करा दिया। पुलिस महिला लेखपाल के होश मे आने का इंतजार कर रही है। बरेली मे पीलीभीत बाईपास की एक कॉलोनी मे रहने वाली महिला फरीदपुर तहसील मे लेखपाल है। गुरुवार को सुबह करीब दस बजे वह घर से ड्यूटी को निकली लेकिन दोपहर 12 बजे तक नही पहुंची। साथी लेखपाल ने उसे फोन किया और फिर दोनों के बीच एक किसान के जमीन के मुकदमे को लेकर बातचीत होने लगी। 15 मिनट लंबी बातचीत के दौरान अचानक महिला लेखपाल चीख पड़ी और उसका फोन कट गया। साथी लेखपाल ने दोबारा कॉल की लेकिन रिसीव न होने पर तहसीलदार सुरभि राय को जानकारी दी। तहसीलदार कई लेखपालों के साथ फरीदपुर थाने पहुंची और इंस्पेक्टर राधेश्याम को घटनाक्रम बताया। इसी बीच महिला लेखपाल के भाई और पति भी पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने महिला लेखपाल का मोबाइल सर्विलांस पर लगवाया तो उसकी लोकेशन नवाबगंज मिली। इसके बाद तहसीलदार नवाबगंज थाने पहुंची और इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव को पूरा मामला बताकर उसकी खोजबीन शुरू करा दी। खोजबीन के दौरान जानकारी मिली की महिला लेखपाल को बेहोशी हालत में नवाबगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहसीलदार और पुलिस टीम वहां पहुंचीं तो पता लगा कि पीलीभीत का रहने वाला युवक महिला लेखपाल का बॉयफ्रेंड है। उसने नवाबगंज में कमरा ले रखा है। महिला लेखपाल को वह अपने कमरे पर ले गया था। दोनों में झगड़ा होने के बाद महिला लेखपाल ने आत्महत्या की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर बॉयफ्रेंड ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मगर फोन पर बातचीत के दौरान महिला लेखपाल की चीख आने के चलते हत्या की कोशिश की बात कही जा रही है। नवाबगंज इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया की महिला लेखपाल को होश नहीं आया है। उसके होश में आने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। साथी लेखपालों ने बताया कि महिला लेखपाल बीते साल पीलीभीत जिले मे तैनात थी। इस समय उसकी पीलीभीत के युवक से जान पहचान हुई। जिसके बाद से दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा है। लेखपाल से मिलने के लिए उसने नवाबगंज मे कमरा लिया था।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *