नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव मुड़िया तेली में बरात में डीजे पर बच्चों के डांस को दौरान विवाद हो गया और दो पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। एक पक्ष पर फायरिंग करने का भी आरोप है। मारपीट में महिला समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक राइफल भी बरामद की है। गांव मुड़िया तेली के सर्वेश कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया वह सोमवार शाम कस्बे से अपने गांव जा रहा था। रास्ते में एक बरात घर के सामने गांव के अरुण कुमार और साजन में झगड़ा हो रहा था, जिन्हें समझाने के लिए वह रुक गया। आरोप है इससे नाराज होकर दोनों लोग उसे गाली देते हुए मारपीट करने लगे। इसके बाद वह घर भागकर गया। आरोप है अरुण कुमार, सुभाष नारायन लाल और उमाकांत ने उसके घर पर पथराव कर दिया। साथ ही राइफल से कई राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी अंगुली टूट गई। दूसरी पक्ष से नारायन लाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बच्चों के विवाद मे गांव के सोमपाल और उसके पुत्रों सर्वेश, कृष्ण पाल और विपिन के साथ मुनेन्द्र और सुरेन्द्र ने घर पर पथराव किया। जिससे उसकी भाभी धनदेवी घायल हो गई। पुलिस ने एक राइफल, कारतूस के दो खोखे सहित दोनों ओर से अरुण कुमार, सुभाष और सर्वेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।।
बरेली से कपिल यादव