डीजे पर डांस के दौरान महिलाओं पर नोट लुटाने को लेकर हुए विवाद में फायरिंग, दुल्हन ने किया शादी से इनकार

बरेली, क्योलड़िया। जनपद के थाना क्योलड़िया क्षेत्र मे बरात मे डीजे पर डांस कर रही महिलाओं पर नोट लुटाने को लेकर वर और कन्या पक्ष के बीच बवाल हो गया। इसे लेकर विवाद इस कदर बढ़ गया कि दूल्हे के बहनोई ने मैरिज हॉल में फायरिंग कर दी। फायरिंग में दुल्हन की मां समेत पांच लोग घायल हो गए। इससे गुस्साये कन्या पक्ष के लोगों ने दूल्हा और बरातियों को बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों का शांत कराते हुए दूल्हे के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। थाना क्षेत्र के गांव मधुनगला के पूरनलाल की बेटी नीलम की शादी 8 जुलाई को पीलीभीत जनपद के थाना बीसलपुर क्षेत्र निवासी भीमसेन के बेटे सत्यवीर से होनी थी। बरात क्योलड़िया के एक मैरिज हॉल में पहुंची। आरोप है कि बरातियों ने नाश्ता करने के बाद डीजे पर डांस शुरू कर दिया। डीजे पर लड़की पक्ष की महिलाएं और युवतियां भी डांस कर रही थी। आरोप है कि इसी बीच दूल्हे का बहनोई ज्ञानी लड़कियों पर नोट उड़ाना शुरू कर दिया। इससे दोनों पक्षों मे विवाद शुरू हो गया। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि तड़के 4 बजे कन्यादान की रस्म चल रही थी। इसी बीच दूल्हे का बहनोई ज्ञानी एक गाड़ी से दर्जन भर लोगों के साथ लाठी-डंडे और तमंचे लेकर मैरिज हॉल पहुंचा। इन लोगों ने लड़की की मां सोमवती, दो भाइयों से गाली गलौज कर मारपीट की। आरोपियों ने हवाई फायरिंग करते हुए दहशत फैला दी। लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा, उसके फूफा और बरातियों को बंधक बना लिया। बरातियों की हरकत से गुस्साये लड़की वालों ने शादी करने से इनकार कर दिया। शादी मे बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस को बरात घर परिसर में कारतूस व खाली खोखे मिले हैं। मामले मे दुल्हन के भाई प्रियांशु की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे के पिता को गिरफ्तार करते हुए दूल्हा के बहनोई समेत आठ से नौ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी राज बली सिंह ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *