मीरगंज, बरेली। गुरुवार को डीएम अविनाश सिंह ने तहसील मीरगंज का निरीक्षण किया। डीएम ने प्रमाण पत्रों को निर्धारित समय में जारी करने एवं ग्रामीणों की शिकायतों का समाधान कराने के निर्देश दिए। डीएम ने अभिलेखागार, न्यायालय तहसीलदार, न्यायालय नायब तहसीलदार एवं विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने धारा 24, धारा 34 ,धारा 35, धारा 38, धारा 80 के वादों की लंबित पत्रावलियों की जांच की। दो वाद ही पांच साल से अधिक अवधि से लंबित मिले। निरीक्षण में अभिलेखागार में सभी पत्रावलियां सुव्यवस्थित पाई। डीएम ने अभिलेखागार में तहसील का नक्शा लगवाने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने आय, जाति एवं मूल निवास प्रमाणपत्रों को निर्धारित समयावधि में जारी करने के निर्देश एसडीएम व तहसीलदार को दिए। डीएम ने निरीक्षण के दौरान एसडीएम एवं तहसीलदार को सुबह 10 से 12 जनता दर्शन के दौरान जनसुनवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा भूमाफिया पर कड़ी कार्रवाई करने एवं लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने को जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। यहां एसडीएम आलोक कुमार, तहसीलदार अशीष कुमार सिंह एवं नायब तहसीलदार अरविंद कुमार मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
