बरेली। बरेली पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के काफिला मे हादसा हो गया। काफिले मे शामिल सीएमओ की गाड़ी से टकराकर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इसमे एक युवक की हालत गंभीर है। निजी अस्पताल के आईसीयू मे उसका इलाज चल रहा है, जबकि दूसरे को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शुक्रवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद बिथरी चैनपुर के भाजपा विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा के घर उनके पिता की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त करने गए थे। डॉ. राघवेंद्र शर्मा के पिता की मौत पिछले दिनों हुई थी। शुक्रवार को उनकी तेरहवीं थी। दोपहर करीब दो बजे विधायक के घर से लौटने के दौरान डिप्टी सीएम के काफिले को गुजारने के लिए पुलिस ने सड़क पर वाहनों का आवागमन रोक दिया था। उसी दौरान करगैना चौकी के पास वेदपाल और यशपाल बाइक लेकर सड़क किनारे खड़े थे। डिप्टी सीएम के काफिले मे सीएमओ की गाड़ी सबसे पीछे थी। अचानक बाइक सवार वेदपाल व यशपाल सड़क पार करने लगे और सीएमओ की तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट मे आकर घायल हो गए। पुलिस ने यशपाल को पास के ही रामगंगा अस्पताल मे भर्ती कराया। जहां सामान्य चोटें होने के कारण उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। वेदपाल के सिर, चेहरा और पैरों में चोटें आई है। हालत गंभीर होने के कारण उसे मिशन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। यशपाल ने बताया कि वह सुभाषनगर के इटौआ सुखदेवपुर गांव का रहने वाला है। वेदपाल भी उसी गांव का निवासी है। दोनों राजमिस्त्री है। शुक्रवार को दोनों बदायूं रोड पर विवेक विहार कॉलोनी में काम कर रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे वे दोनों खाना खाने घर जा रहे थे। बाइक वेदपाल चला रहा था और यशपाल पीछे बैठा था। उसी दौरान डिप्टी सीएम का काफिला गुजर रहा था। उन्हें लगा कि सभी गाड़ियां निकल गई इसलिए उन्होंने बाइक आगे बढ़ा दी और हादसा हो गया।।
बरेली से कपिल यादव