ट्रैक्टर-ट्रॉली पर दिखा किसानों का रेला, कमिश्नर कार्यालय पर किया प्रदर्शन, बोले- विभागों की तानाशाही चलने नहीं देंगे

बरेली। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले मंडल के चारों जिलों से आए किसानों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। भाकियू मंडल अध्यक्ष चौधरी अरुण राठी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान कमिश्नरी के समीप स्थित पार्क में एकत्र हुए। बड़ी संख्या में किसानों को देखकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। किसानों ने पार्क में धरना प्रदर्शन किया। अपनी आवाज को बुलंद किया। अलग-अलग जगह से ट्रैक्टर ट्राली के जरिए किसान पहुंचे थे। इस धरना प्रदर्शन में भारतीय किसान यूनियन व दूसरे किसान संगठनों ने पदाधिकारी और किसान शामिल हुए। आवारा पशुओं से लेकर गन्ना के समय से भुगतान समेत 12 सूत्रीय मांगें रखी गई। इससे पहले सभी किसान दोपहर को ट्रैक्टर ट्रालियों से झुमका तिराहे से कमिश्नर कार्यालय के लिए बढ़े। इस दौरान झुमका तिराहे पर पुलिस ने किसानों को रोकने का प्रयास किया। मगर किसानों की अधिक संख्या होने के चलते पुलिस भी उन्हें रोकने में नाकाम रही। जिसके बाद किसानों की भीड़ दोपहर में कमिश्नर कार्यालय पहुंची। लिहाजा किसानों की भारी संख्या को देखते हुए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने बैरियर लगा दिए। कमिश्नरी के दोनों मुख्य गेटों पर सुरक्षा बढ़ाते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। किसान नेताओं ने कहा कि छुट्टा पशुओं के कारण फसलें चौपट हो रही हैं। न समय पर बिजली मिल रही है और न ही पानी। खाद भी नहीं मिल रही है। किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। किसान शिकायती पत्र देते हैं तो उन्हें रद्दी में डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी विभागों की तानाशाही चलने नहीं देंगे। किसान अब जागरूक हो चुके है। कमिश्नरी के अंदर धरने पर बैठ गए। काफी देर तक धरना चलता रहा। इसके बाद शाम को कमिश्नर को 12 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया गया। भाकियू अराजनैतिक के मंडल अध्यक्ष अरुण सिंह राठी व जिलाध्यक्ष तेजपाल गंगवार ने बताया कि सरकार की ओर से कई ऐसे मामले है। जिन पर काम नही किया जा रहा है हम लोग हर बार हर महीने किसी न किसी माध्यम से अपनी समस्याओं को अवगत करवाते है मगर कभी भी उन समस्याओं का कोई जवाब नही आता है। इस लिए आज मजबूरन हमें ये बैठक बुलानी पड़ी है। इस समय हमारी सबसे बड़ी समस्या आवारा पशु हैं जिससे फसल तो खराब हो रही है साथ ही इनके कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसके अलावा भी कई ऐसी समस्या हैं जिसके बावजूद प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *