टिकट न मिलने से भाजपा-सपा के उम्मीदवारों के खिलाफ मैदान मे डटे बागी, बिगाड़ेंगे खेल

फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। निकाय चुनाव मे सपा और भाजपा से टिकट न मिलने से नाराज कई बागियों ने भी सोमवार को पर्चा भरा है। ऐसे मे पार्टी प्रत्याशियों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई है। नगर निकाय चुनाव मे बागियों के ताल ठोकने से इस बार भाजपा और सपा प्रत्याशियों का गणित बिगड़ सकता है। दोनों ही पार्टियों में टिकट के लिए सबसे ज्यादा मारामारी थी। सूची जारी हुई तो टिकट तो सिर्फ एक को मिला, बाकी दावेदारों को निराशा ही हाथ लगी। इनमें से कुछ दावेदार गिले-शिकवे भुलाकर पार्टी प्रत्याशी के साथ हो लिए लेकिन कई ने बगावत कर दी। ऐसी स्थिति मे पार्टी प्रत्याशियों को प्रतिद्वंद्वियों के साथ ही अपनों का भी विरोध झेलना पड़ रहा है। जनपद की फरीदपुर, बहेड़ी, नवाबगंज नगर पालिका परिषद और कई नगर पंचायतों मे ऐसी ही तस्वीर उभर कर सामने आयी है। नगर पालिका परिषद फरीदपुर के पूर्व चेयरमैन लालाराम गुप्ता की पत्नी गिरजा रानी गुप्ता भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रही थी। टिकट न मिलने पर भाजपा से बगावत कर बसपा का दामन थाम लिया। नवाबगंज नगर पालिका परिषद मे भाजपा से टिकट मांग रही सीमा गुप्ता ने निर्दलीय नामांकन किया। बहेड़ी में सपा ने पहले फौजुल नसीम को समर्थन देने की घोषणा की थी। टिकट न मिलने से नाराज फौजुल नसीम ने बसपा के सिंबल पर नामांकन किया है। फतेहगंज पूर्वी नगर पंचायत से संजय पाठक भाजपा से दावेदारी कर रहे थे। टिकट न मिलने पर उन्होंने निर्दलीय नामांकन किया। नगर पंचायत मीरगंज में नरेंद्र गंगवार और सुधीर शर्मा भाजपा से टिकट मांग रहे थे। उन्होंने भी निर्दलीय नामांकन किया है। शीशगढ़ मे भाजपा से टिकट की दावेदारी कर रही नूरी निगार ने निर्दलीय पर्चा जमा किया है। फतेहगंज पश्चिमी में जयंती सिंह भाजपा से बगावत कर निर्दलीय मैदान में उतरीं हैं। वह फतेहगंज पश्चिमी मंडल अध्यक्ष संजय सिंह चौहान की पत्नी है। वही संजय सिंह चौहान का कहना है कि जयंती सिंह को चुनाव लड़ाने का फैसला उनके परिजनों का है। वह पार्टी के सच्चे सिपाही हैं। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी उसे पूरा करुंगा। शाही नगर पंचायत मे सपा ने पूर्व चेयरमैन शाहिद रजा खां को समर्थन दिया गया था। बाद में अतहर हुसैन को प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। शाहिद रजा ने निर्दलीय नामांकन किया है। नगर पंचायत बिशारतगंज मे भाजपा से टिकट मांग रहे तीन प्रत्याशियों ने बगावती रूख अपनाया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *