बरेली। झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से एक मजदूर को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा था। स्वास्थ्य विभाग से शिकायत करने के बाद भी अभी तक झोलाछाप डॉक्टर पर कार्यवाही नहीं की गई है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण झोलाछाप डॉक्टर अभी भी अपना क्लीनिक चला रहा है। मृतक की पत्नी ने अब मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। इससे पहले वह पुलिस के आला अधिकारियों से भी न्याय की गुहार लगा चुकी है। जानकारी के मुताबिक थाना मीरगंज के गांव कुल्छा खुर्द की रहने वाली तेजवती का आरोप है कि उसके पति छोटेलाल कि बीती 5 अक्टूबर को तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद उसे गांव के ही झोलाछाप डॉक्टर विपिन कुमार से अपने पति का इलाज कराया। गलत दवा देने पर छोटेलाल की मौत हो गई।जिसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मृतक का पोस्टमार्टम भी कराया था लेकिन उसके बाद भी झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया। उसके बाद पीड़िता ने सीएमओ डॉ विनीत कुमार शुक्ल से शिकायत की थी उस बीच डॉक्टर विनीत कुमार शुक्ल ने विपिन से दो दिन में अपनी डिग्री दिखाने को कहा था लेकिन मामला उसके बाद ठंडे बस्ते में चला गया।झोलाछाप डॉक्टर को जब इस बात का पता चला तो उसने तेजवती को धमकी देना शुरू कर दिया। मृतका की पत्नी तेजवती ने इसकी शिकायत एसएसपी से भी की लेकिन अभी तक उसे न्याय नहीं मिला है। शहर के अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाने के बाद भी जब पर कार्रवाई नहीं हुई तो उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की है।वहीं पति की मौत होने के बाद उसका परिवार भुखमरी की कगार पर आ जाने से वह मजदूरी करने को मजबूर है। अपने दोनों बेटों और एक बेटी का पेट वह मेहनत मजदूरी करके पाल रही है। कार्यवाही न होने के बाद अब डॉ बेखौफ होकर अपना क्लीनिक चला रहा है। अगर कार्यवाही नहीं हुई तो उसकी लापरवाही से फिर किसी की जान जा सकती है।
अगर मेरे पास महिला ने शिकायत की होगी तो जरूर जांच चल रही होगी। जांच होने के बाद ही डॉक्टर पर कार्यवाही की जाएगी। मामला लगभग दो महीने पुराना है। इसलिए एक बार फिर से दिखवाता हूं।
- डॉ विनीत कुमार शुक्ला, सीएमओ, बरेली
बरेली से कपिल यादव